एमसीबी , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में सिद्ध बाबा घाटी के पास भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए खोंगापानी वार्ड नंबर 7 निवासी हरिवंश की अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई।
वन विभाग से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिवंश सिद्ध बाबा घाटी के पास से गुजर रहे थे, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रही महतारी एक्सप्रेस के ड्राइवर की नजर घायल हरिवंश पर पड़ी। ड्राइवर ने उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मनेन्द्रगढ़ रेंजर विश्नाथ साहू के मुताबिक सिद्ध बाबा घाटी और आसपास के क्षेत्र में पिछले कई दिनों से 4-5 भालू घूमते दिखाई दे रहे हैं। भालुओं की लगातार मौजूदगी और आबादी के आसपास उनकी आवाजाही से स्थानीय लोगों में दहशत बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भालू लगातार आबादी वाले इलाकों के आसपास पहुंच रहे हैं। घटना के बाद वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से भालुओं की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित