गरियाबंद , सितंबर 20 -- छत्तीसगढ़ में गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र में खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करने गए एक किसान पर भालू ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान साथ मौजूद ग्रामीण ने साहस दिखाते हुए भालू को जंगल की ओर खदेड़कर किसान की जान बचाई।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रसेला क्षेत्र निवासी लक्षन यादव (65) आज सुबह अपने खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करने गए थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक आए भालू ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और भालू ने उनके चेहरे को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के समय लक्षन यादव के साथ आजूराम ठाकुर भी मौजूद थे। भालू को हमला करते देख आजूराम ने साहस दिखाते हुए उसका सामना किया और उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया। इसके बाद घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

भालू के हमले में लक्षन यादव की आंख और नाक के आसपास गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

रसेला क्षेत्र जंगल से लगा हुआ है और स्थानीय ग्रामीण खेती-किसानी के लिए आसपास के खेतों में नियमित रूप से जाते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में भालू की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता है। वन विभाग की ओर से घायल किसान को दी जाने वाली सहायता और घटना के बाद की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना फिलहाल अभी बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित