रामनगर,18अप्रैल(वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर वनप्रभाग के कालाढूंगी रेंज के वन बीट में एक भालू का शव मिलने से वन विभाग में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और वन प्रेमी मौके पर पहुंचे। भालू के शव को कब्जे में लेकर कालाढूंगी वन विश्राम गृह लाया गया, जहां डाक्टरों की एक टीम ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम किया।

रामनगर एसडीओ कामिनी आर्य ने बताया कि सफारी जोन से गुजरने वाली एक गाड़ी में तैनात गार्ड ने वन विभाग को सूचना दी कि जंगल मेंनदी के पास एक भालू का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को शव वाहन के माध्यम से कालाढूंगी लाया गया। यहां पर नैनीताल से आए चिकित्सा विशेषज्ञ हिमांशु पंक्ति और राहुल सती ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम किया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि भालू की मृत्यु पेड़ से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है, लेकिन असल कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।

भालू की लंबाई 176 सेंटीमीटर और उम्र लगभग 10 वर्ष बताई जा रही है। शव के सभी अंग सुरक्षित पाए गए। इस दौरान वन विभाग से उप रेंजर वीरेंद्र बिष्ट समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित