रायपुर , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही वर्षा तथा मौसम विभाग की ओर से कई जिलों के लिए जारी रेड और येलो अलर्ट के मद्देनजर सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिये हैं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा प्रबंधन तथा राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को संभावित बाढ़ एवं जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहानि की आशंका न रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में राहत एवं बचाव कार्यों की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों, प्राथमिक उपचार, बिजली, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था रहे। उन्होंने वृद्धजनों, महिलाओं, बच्चों तथा दिव्यांगजनों जैसे संवेदनशील वर्गों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने को भी कहा।
श्री साय ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस, होमगार्ड, नगर सेना, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण कंपनी तथा अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता बनाए रखें। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों, उपकरणों, नावों तथा राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित