भागलपुर, जुलाई 22 -- बिहार के भागलपुर जिले में नशे के दुष्प्रभाव को रोकने एवं मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर रोक लगाने के लिये चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार को भारी मात्रा में मादक पदार्थों के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया। कहलगांव के अनुमंडल पदाधिकारी- दो विकास सेतु ने आज यहां बताया कि जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा अपने साथियों के साथ अवैध मादक पदार्थों का संग्रह कर खरीद - बिक्री करने की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव - दो एवं स्थानीय थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने उक्त क्षेत्र के शीतल नगर इलाके में एक मकान में छापेमारी की।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि उक्त मकान की तलाशी के दौरान 129 ग्राम ब्राउन शुगर, 211 किलोग्राम गांजा, 170 पीस कफ सीरप, 1654 पीस नशे की टैबलेट, करीब बीस हजार रुपए नगदी, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद किया गया है। मौके पर से एक अपराधी को भी गिरफ्तार किया गया है और उसकी पहचान गोपाल कुमार साह के रुप में हुई है।
श्री सेतु ने बताया कि पकड़ा गया अपराधी झारखंड के गोड्डा जिले के मेहरमा थाना क्षेत्र के अमजोरा गांव का निवासी है और ईशीपुर बाराहाट क्षेत्र के शीतल नगर इलाके में एक किराये के मकान में रहकर अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का धंधा करता था। इस सिलसिले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित