अगरतला , अगस्त 03 -- असम के दीमा हसाओ जिले में भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से पिछले 10 दिनों से दक्षिणी असम, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर का देश के अन्य हिस्सों से रेल संपर्क प्रभावित है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि लुमडिंग-बदरपुर पर्वतीय खंड पर न्यू हरंगाजाओ स्टेशन के आसपास लगातार बारिश के कारण रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि रेल सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं की गयी हैं, लेकिन आज अगरतला-आनंद विहार (दिल्ली), नारंगी (गुवाहाटी)-अगरतला एक्सप्रेस, सिलचर-नयी दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और कोलकाता-अगरतला गरीब रथ एक्सप्रेस के प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है तथा इन्हें वैकल्पिक रेल लाइन से चलाया जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार, न्यू हरंगाजाओ स्टेशन के निकट तीन में से दो रेल पटरियों के नीचे लगभग 300 मीटर तक मिट्टी धंस गई है। लगातार बारिश के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। रेलवे ने बहाली कार्य में तेजी लाने के लिए बड़ी संख्या में श्रमिकों, रेलवे कर्मियों, इंजीनियरों और भारी मशीनरी को लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि मरम्मत कार्य सुरक्षित रूप से पूरा होने के बाद सामान्य रेल परिचालन बहाल कर दिया जाएगा।

फिलहाल इस मार्ग पर सभी रेलगाड़ियों का संचालन केवल लाइन-3 से कड़ी निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा उपायों के साथ किया जा रहा है। बहाली कार्य के चलते एनएफआर ने गुवाहाटी-सिलचर एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है, जबकि दक्षिणी असम, त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर को जोड़ने वाली कई अन्य रेलगाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है या उनके परिचालन को नियंत्रित किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रभावित खंड पर शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक यात्री रेलगाड़ियों का परिचालन स्थगित कर दिया गया है। दिन के समय सीमित और नियंत्रित परिस्थितियों में रेल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित