बैतूल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। तवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने पर सारनी स्थित सतपुड़ा बांध के सात गेट चार-चार फीट तक खोलकर पानी छोड़ा गया। इस मानसून सत्र में पहली बार बढ़ते जलस्तर के कारण बांध के गेट खोले गए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 65.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 107 मिलीमीटर बारिश भैंसदेही में हुई। इसके अलावा बैतूल में 93.4 मिमी, मुलताई में 87.4 मिमी, भीमपुर में 85 मिमी, घोड़ाडोंगरी में 80 मिमी, चिचोली में 53 मिमी, प्रभातपट्टन में 42.4 मिमी, आमला में 39 मिमी, शाहपुर में 36 मिमी तथा आठनेर में 31.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
सारनी क्षेत्र में 24 घंटे के दौरान 89 मिलीमीटर बारिश होने से तवा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। जल संसाधन विभाग ने गुरुवार सुबह छह बजे से आठ बजे के बीच सतपुड़ा बांध के सात गेट चार-चार फीट तक खोलकर नियंत्रित तरीके से पानी की निकासी की। सुबह आठ बजे बांध का जलस्तर 1430.45 फीट दर्ज किया गया।
भारी वर्षा के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी रही, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे पुल-पुलियों और नदी-नालों पर पानी बहने की सूचना मिली है। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद निचले क्षेत्रों पर प्रशासन विशेष निगरानी रखे हुए है तथा संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों के समीप नहीं जाने, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जिले में मध्यम से भारी वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित