प्रयागराज , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार देर रात हुई भारी बारिश के चलते सिविल लाइंस के वीआईपी इलाके ड्रमंड रोड पर करीब 150 साल पुराना इमली का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से यातायात बाधित होने के साथ बिजली का तार भी टूट गया, जिससे आसपास के इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने से लोगों के सामने पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरने के करीब 18 घंटे बाद बुधवार दोपहर एक बजे तक नगर निगम सड़क से पेड़ नहीं हटा सका था। हालांकि नगर निगम की टीमें मशीनों और कुल्हाड़ियों की मदद से पेड़ को काटकर हटाने में जुटी थीं। स्थानीय नागरिक मदन कुमार शुक्ला निर्भय ने बताया कि ड्रमंड रोड शहर की वीवीआईपी सड़कों में शामिल है। इस मार्ग पर हाईकोर्ट का गेस्ट हाउस और कई न्यायमूर्तियों के आवास भी हैं। इसके बावजूद दोपहर तक सड़क से पेड़ नहीं हटाया जा सका।

पेड़ गिरने के कारण चार पहिया वाहनों के लिए मार्ग पूरी तरह बंद है, जबकि दोपहिया वाहन किसी तरह सड़क के किनारे से निकल रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार नगर निगम ने जल्द पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय नागरिकों ने विद्युत विभाग से भी पेड़ की डालियां हटाए जाने के बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित