कोल्हापुर , जुलाई 09 -- पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण पश्चिमी महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण जलाशयों कोयना, चांदोली, राधानगरी और कालम्मावाड़ी में जलस्तर काफी तेजी से बढ़ गया है।

जिला मौसम कार्यालय के अनुसार, सतारा जिले के कोयना बांध में जलभंडार 44.57 टीएमसी तक पहुंच गया है। वहीं चांदोली बांध में 17.88 टीएमसी पानी जमा हो चुका है और यह 52 प्रतिशत तक भर गया है। इसके अलावा राधानगरी बांध 55.50 प्रतिशत और कालम्मावाड़ी बांध 26 प्रतिशत तक भर चुका है।

इस बीच, कसबा बावड़ा में राजाराम बांध का जलस्तर आज सुबह 37 फीट दर्ज किया गया, जबकि यहां चेतावनी का स्तर 39 फीट और खतरे का निशान 43 फीट है। वर्तमान में नदी के तल से 42,284 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। भारी बारिश के चलते जिले के करीब 55 छोटे बांध पानी के नीचे चले गए हैं।

हालांकि अब बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है, लेकिन जलग्रहण क्षेत्रों में जारी वर्षा के कारण बांधों में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में राधानगरी बांध क्षेत्र में 124 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जिससे इसका जल भंडारण 4.65 टीएमसी हो गया है। कालम्मावाड़ी बांध में इस समय छह टीएमसी पानी जमा हो गया है।

चांदोली बांध और उसके जलग्रहण क्षेत्र में भी भारी बारिश का दौर जारी है। बांध में इस समय 19,214 क्यूसेक पानी आ रहा है। जलग्रहण क्षेत्र के पाथरापुंज में 148 मिमी और बांध क्षेत्र में 146 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही चांदोली क्षेत्र में इस मौसम की कुल बारिश अब तक 814 मिमी तक पहुंच गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित