नयी दिल्ली , अप्रैल 08 -- पश्चिम एशिया में जारी संकट सहित वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के कारण हितधारकों को हो रही असुविधा और कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए राजधानी में इसी माह होने वाले भारत स्टील 2026 सम्मेलन एवं प्रदर्शनी को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।

इस्पात मंत्रालय ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए कहा कि यह निर्णय इस्पात क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों के व्यापक हित में लिया गया है। कार्यक्रम की संशोधित तिथियों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।

भारत स्टील 2026 का आयोजन इसी माह 16-17 तारीख को नयी दिल्ली के भारत मंडपम में तय किया गया था। इस्पात मंत्रालय ने इस कार्यक्रम के प्रति सभी हितधारकों द्वारा प्रदर्शित समर्थन, सहयोग एवं रुचि की सराहना की है। इस आयोजन का उद्देश्य इस्पात क्षेत्र के सभी हितधारकों को एक साथ, एक जगह एक मंच पर लाकर क्षेत्र के विकास की भविष्य की दिशा तय करना था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित