नई दिल्ली , सितंबर 23 -- भारत और श्रीलंका की नौसेनाओं के बीच 13वां द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास स्लिनेक्स-26 विशाखापत्तनम में संपन्न हो गया।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया 17 से 21 सितंबर तक हुए इस अभ्यास में दोनों नौसेनाओं के बीच पेशेवर संवाद, बेहतर तौर-तरीकों का आदान-प्रदान और आपसी तालमेल बढ़ाने के अवसर मिले।

अभ्यास के बंदरगाह चरण में भारतीय नौसेना और श्रीलंकाई नौसेना के बीच पेशेवर संवाद, एक-दूसरे के जहाजों का दौरा और खेल गतिविधियां हुईं।

समुद्री चरण में दोनों नौसेनाओं ने समन्वित समुद्री युद्धाभ्यास, हवाई अभियान और रात में समुद्र में ईंधन व अन्य जरूरी सामग्री की आपूर्ति का अभ्यास किया। इसके अलावा विजिट, बोर्ड, सर्च एंड सीजर और स्लिदरिंग जैसे विशेष बलों के अभ्यास भी किए गए।

इन गतिविधियों से दोनों नौसेनाओं के बीच अभियान संचालन में समन्वय और आपसी तालमेल को बेहतर बनाने का अवसर मिला। यह अभ्यास भारत और श्रीलंका के मजबूत समुद्री सहयोग और सुरक्षित एवं स्थिर हिंद महासागर क्षेत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अभ्यास समुद्री सहयोग, आपसी तालमेल और क्षमता निर्माण के जरिए भारत की 'महासागर' दृष्टि और 'पड़ोसी प्रथम' नीति को भी आगे बढाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित