रायपुर/अंबिकापुर , अक्टूबर 04 -- छत्तीसगढ़ में उप मुख्यमंत्री रहे व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस.सिंहदेव ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के कोलंबिया के दौरे का एक वीडियो शेयर करते हुए दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद किया है।

श्री सिंहदेव ने एक्स पर लिखा कि दोनों ही देशों के नेता अपने देश की तरक्की और शांति चाहते थे। कोलंबिया के राष्ट्र प्रमुख की हत्या ड्रग माफिया पाब्लो एस्कोबार के गिरोह ने की थी। तो वहीं प्रधानमंत्री राजीव गांधी को मानव बम के जरिए प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लिट्टे ने उड़ा दिया था।

कांग्रेस नेता ने एक्स पर लिखा,"आज जब यह वीडियो देखा, तो मन में ख्याल आया। लुइस कार्लोस गालान और राजीव गांधी जी! दो देश, दो महाद्वीप, लेकिन, एक जैसी कहानी। दोनों युवा, प्रगतिशील और साहसी नेता थे। दोनों ने अपने देशों को हिंसा और भ्रष्टाचार से निकालने का सपना देखा। और दोनों की ज़िंदगी बीच रास्ते में ही रोक दी गई।

पूर्व मंत्री ने कहा कि श्री गालान 45 वर्ष के थे, जब ड्रग माफिया पाब्लो एस्कोबार के गिरोह ने उन्हें गोली से छलनी कर दिया। वे अपने देश में हिंसा नहीं अमन चाहते थे। उन्होंने नशे के पैसों की राजनीति को चुनौती दी थी। वहीं श्री राजीव गांधी 46 वर्ष के थे, जब लिट्टे के आत्मघाती हमले ने उनकी जान ले ली। क्योंकि, उन्होंने श्रीलंका में हिंसा को खत्म कर 'शांति' की कोशिश की थी।

दोनों उम्मीद की किरण थे, नई पीढ़ी की आवाज़ थे। उनकी शहादत सिर्फ़ व्यक्तिगत नहीं, राष्ट्रीय आघात थीं, अधूरे सपनों का प्रतीक हैं। आज जब श्री राहुल गांधी कोलंबिया में हैं, तो यह इतिहास का अर्थपूर्ण संगम है। कोलंबिया अपने गालान को याद करता है, भारत अपने राजीव को। दोनों हमें सिखाते हैं, सच्चे नेता जब अन्याय को चुनौती देते हैं, प्रगति का प्रयास करते हैं तो नफ़रत ही उन पर पलटवार करती है। मगर, संवेदना की, प्रगति की, शांति की विचारधारा हमेशा अमर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित