रांची , अक्टूबर 06 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (जेएससीए) रांची में होने वाले क्रिकेट मैच के टिकटों की कालाबाजारी को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला।

श्री मरांडी ने आज कहा कि रांची में नौ अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज क्रिकेट मैच के टिकटों की कालाबाजारी खुलेआम चल रही है। दिहाड़ी मजदूरों, रेजा-कुलियों और गरीब मजदूरों को लाइन में खड़ा कर टिकट खरीदवाए जा रहे हैं और फिर वही टिकट दोगुने-तिगुने दाम पर बेचे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लानत है ऐसी व्यवस्था पर, जहाँ कैमरे में सबकुछ कैद है, मीडिया में खबरें छप रही हैं, फिर भी रांची पुलिस की आँखों पर पट्टी बंधी है। लगता है बालू की अवैध कमाई में व्यस्त पुलिस को अब टिकटों की कालाबाजारी भी "सामान्य कारोबार" लगने लगी है।

श्री मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी, राजधानी रांची में आपकी नाक के नीचे यह खुली लूट चल रही है और सरकार मौन है। सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या बालू की काली कमाई की तरह टिकटों की कालाबाजारी का हिस्सा भी ऊपर तक पहुँच रहा है?यह खेल सिर्फ टिकटों की कालाबाजारी नहीं, बल्कि आम क्रिकेट प्रेमियों के हक पर डाका है। हजारों लोग, जो अपने बच्चों और परिवार के साथ मैच देखने का सपना लिए बैठे थे, इस संगठित लूट के कारण स्टेडियम से बाहर रह जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित