चित्तौड़गढ़ , जनवरी 13 -- सांसद चंद्रप्रकाश जोशी ने कांग्रेस पर मनरेगा के नाम पर गांधीजी के नाम का इस्तेमाल करके भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कुछ राजनीतिक दल देश में जानबूझकर भ्रांतियां फैला रहे हैं, ताकि भारत विकसित राष्ट्र न बन सके।
श्री जोशी ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रस्तुत "वीबी-जी राम जी" विधेयक देश के गरीब, किसान, मजदूर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। योजना के नाम को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही आपत्तियों पर उन्होंने कहा कि जिनका गांधी जी के सिद्धांतों से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं, वे ही अब गांधी के नाम की दुहाई दे रहे हैं, जबकि बापू के सपनों को साकार करने का कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।
श्री जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में योजनाओं के नाम बार-बार बदले। राष्ट्रीय रोजगार कार्यक्रम, जवाहर रोजगार योजना, नरेगा और फिर वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले मनरेगा कियास। इसी प्रकार इंदिरा आवास योजना सहित सेंकड़ों योजनाएं नेहरू-गांधी परिवार के नाम पर रखी गईं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने 12 वर्षों में एक भी योजना अपने नाम पर नहीं की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ ढोल पीटा, लेकिन योजना का लाभ उस गरीब तक नहीं पहुंचा। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासनकाल में मनरेगा के तहत 153 लाख कार्य पूरे हुए, जबकि मोदी सरकार में यह संख्या 862 लाख से अधिक रही।
श्री जोशी ने कहा कि 'वीबी-जी राम जी योजना' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी। हर गरीब को रोजगार मिले उसकी गरिमा को सम्मान मिले इसलिए योजना में कुछ आमूलचूल परिवर्तन किए गए है। नए मिशन के तहत अब ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, पारदर्शी निगरानी और पंचायत से लेकर केंद्र तक सुदृढ़ अनुमोदन प्रणाली लागू होगी।
उन्होंने कहा कि इससे जल संरक्षण, तालाब, भंडारे, गोदाम, सड़कें, पुस्तकालय भवन, सोलर लाइट, सामुदायिक संरचनाएं और अन्य विकास परियोजनाएं साकार होंगी, जिससे 'विकसित पंचायत' और 'विकसित गांव' की संकल्पना को मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित