मुंबई , अक्टूबर 28 -- भिनेत्री सैयामी खेर निर्देशक मैक्सिम कुज़नेत्सोव की भारत-रूस ड्रामा फिल्म से अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में कदम रखने जा रही हैं। कार्टिना एंटरटेनमेंट, व्हाइट नाइट फिल्म्स और विश मीडिया के संयुक्त निर्माण में बनी इस फिल्म की शूटिंग भारत और रूस में की गई है।
सैयामी के लिए यह फिल्म एक नया सिनेमाई अनुभव लेकर आई। उन्होंने विदेशी कलाकारों और तकनीकी टीम के साथ काम करने के दौरान फिल्म निर्माण की अलग शैली को करीब से समझा। इस प्रोजेक्ट के सिलसिले में उन्हें पहली बार रूस जाने और मॉस्को में शूटिंग करने का मौका मिला।
अपने अनुभव के बारे में सैयामी ने कहा, "यह मेरे लिए बिल्कुल अलग और नया अनुभव था, क्योंकि मैंने पूरी तरह से विदेशी क्रू के साथ काम किया। रूस में शूटिंग करना और पहली बार मॉस्को जाना शानदार रहा। वहां काम करने का माहौल मेरे अब तक के अनुभवों से काफी अलग था। मुझे इस सहयोग का हिस्सा बनकर बहुत अच्छा लगा। उम्मीद है कि यह मेरे लिए कई और अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं की शुरुआत होगी।"उन्होंने कहा कि अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोगों के साथ काम करने से कहानियों को देखने और समझने का नया नजरिया मिलता है। भाषा की सीमाओं के बावजूद फिल्म निर्माण करना सीखने का शानदार अवसर है। उन्होंने बताया कि फिल्म एक ड्रामा है, जिसके केंद्र में एक मजबूत महिला किरदार है।
फिलहाल फिल्म के शीर्षक, अन्य कलाकारों और रिलीज की तारीख से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की गई है। इस भारत-रूस सहयोग के जरिए सैयामी खेर को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण की नई शैली और विविध सांस्कृतिक परिवेश में काम करने का अवसर मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित