नयी दिल्ली , नवम्बर 09 -- भारत और यूरोपीय संघ ने सोमवार को यहां मुक्त व्यापार समझौते और आर्थिक सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा तथा समीक्षा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक पोस्ट में कहा कि बैठक में दोनों पक्षों ने सातवीं रणनीतिक साझेदारी समीक्षा भी की ।
प्रवक्ता ने कहा कि बैठक में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), व्यापार और निवेश, आपूर्ति शृंखला तथा आर्थिक सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज और यूरोपीय संघ के उप महासचिव मत्ती मासिकास ने की।
बैठक में भारत-यूरोपीय संघ की रणनीतिक साझेदारी के सभी प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की गयी। साथ ही, संयुक्त व्यापक रणनीतिक एजेंडे को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति का जायजा लिया गया।
दोनों पक्षों ने स्वच्छ ऊर्जा बदलाव, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, अनुसंधान और संपर्क व्यवस्था पर भी विचार साझा किये। इसके अलावा प्रतिभाशाली व्यक्तियों की आवाजाही और दोनों पक्षों के लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के मुद्दे भी चर्चा में शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित