मुंबई , अक्टूबर 20 -- विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं।

श्री जयशंकर ने रविवार को यहां अमीरात के विदेश मंत्री और उप प्रधानमंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात के दौरान खाड़ी क्षेत्र में तनाव के बीच बातचीत और कूटनीति के प्रयासों का समर्थन करने तथा व्यापार, ऊर्जा और उर्वरक की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि एक दशक से अधिक समय से जारी सहयोग के बाद भारत और यू ए ई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ रही है।

श्री जयशंकर ने कहा कि इस साल दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार उच्चस्तरीय मुलाकातें हुई हैं। जनवरी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद भारत आए थे। फरवरी में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद ने एआई इम्पैक्ट समिट और 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में यूएई के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। मई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई का आठवां दौरा किया।

उन्होंने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और क्षेत्रीय मुश्किलों के बावजूद भारत- यूएई आर्थिक साझेदारी नए मानक स्थापित कर रही है। व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते पर हस्ताक्षर के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 100 अरब अमेरिकी डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। दोनों देशों के बीच निवेश भी लगातार बढ़ रहा है, जो एक-दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं में कारोबारी भरोसे को दर्शाता है।

श्री जयशंकर के अनुसार, रक्षा, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग अब रणनीतिक रूप ले रहा है। दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध समुदायों के जीवन को समृद्ध बना रहे हैं, जबकि सांस्कृतिक सहयोग भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित