जिनेवा , अक्टूबर 20 -- संयुक्त राष्ट्र ने नयी दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में पिछले तीन महीनों के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर पुलिस की बार-बार की गई सख्त कार्रवाई पर चिंता जताते हुए मंगलवार को भारतीय अधिकारियों से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करने, उसकी रक्षा करने और उसे सुनिश्चित करने की अपील की।

विशेषज्ञों ने कहा, "यह कार्रवाई एक व्यापक और चिंताजनक प्रवृत्ति को दर्शाती है। हमने भारतीय अधिकारियों को शांतिपूर्ण सभा पर अनुचित प्रतिबंधों, बल के अत्यधिक इस्तेमाल, मनमानी हिरासत, जबरन गुमशुदगी और छात्र कार्यकर्ताओं को निशाना बनाए जाने सहित अन्य मामलों को लेकर बार-बार आगाह किया है।"उन्होंने कहा कि मार्च में छात्र और श्रमिक अधिकारों के लिए काम करने वाले 10 कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मियों ने नयी दिल्ली में हिरासत में लिया था। उन्हें 24 घंटे से अधिक समय तक किसी से संपर्क नहीं करने दिया गया और कथित तौर पर दुर्व्यवहार, धमकी, दबाव तथा जबरन बयान देने के लिए मजबूर किया गया। बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई के बाद उन्हें रिहा किया गया।

विशेषज्ञों ने कहा, "प्रदर्शन शांतिपूर्ण होने के बावजूद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने कथित तौर पर निहत्थे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग किया, जिसमें लाठीचार्ज भी शामिल है। हजारों लोगों को प्रदर्शनों में शामिल होने से भी रोका गया।"रिपोर्टों के अनुसार, हाल में नयी दिल्ली में सात हज़ार से अधिक युवाओं, पत्रकारों, मानवाधिकार रक्षकों, वकीलों और राजनीतिक दलों के सदस्यों को मनमाने ढंग से हिरासत में लेकर दूरस्थ हिरासत केंद्रों में भेजा गया। वहां कथित तौर पर उनके फोन जब्त कर लिए गए और प्रदर्शनों से संबंधित सभी सामग्री मिटा दी गई। प्रदर्शन के नेताओं सहित अधिकांश लोगों को 24 घंटे बाद रिहा कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को चोटें आई हैं और कुछ ने दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत की है। विशेषज्ञों ने प्रदर्शनों और उनसे संबंधित हिरासत के दौरान यौन हिंसा तथा लैंगिक आधार पर दुर्व्यवहार की खबरों पर विशेष चिंता जताई।

विशेषज्ञों ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के इस्तेमाल को लेकर भी चिंता जताई। उनके अनुसार, इस प्रावधान के तहत सार्वजनिक सभाओं पर व्यापक प्रतिबंध लगाए जाने, सार्वजनिक परिवहन निलंबित करने और इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने की खबरें हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित