पटना , मार्च 12 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने देश में ऊर्जा संकट को लेकर फैल रही अफवाहों को निराधर बताते हुये गुरूवार को कहा कि भारत में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है।

श्री सुमन ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाकर आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर रहे हैं, जो पूरी तरह गैर जिम्मेदाराना है।उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियों और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने कठिन से कठिन समय में भी स्थिरता और मजबूती का परिचय दिया है।

डॉ. सुमन ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान भारत ने जिस तरह से संकट का सामना किया और दुनिया को रास्ता दिखाया, वह पूरे विश्व के सामने एक मिसाल है। आज भारत वैश्विक मंच पर तेजी से उभरती हुई आर्थिक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर या अन्य संसाधनों का भंडारण न करें। ऐसी प्रवृत्ति से ही कृत्रिम कमी की स्थिति बनती है और आम जनता को परेशानी होती है।

डॉ. सुमन ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और देश की ऊर्जा सुरक्षा पूरी तरह सुरक्षित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित