श्रीगंगानगर , मई 18 -- राजस्थान में भारत माला परियोजना के तहत श्रीगंगानगर जिले में साधुवाली से लालगढ़ जाटान की ओर जाने वाली सड़क निर्माण में किसानों की भूमि अधिग्रहण और मुआवजे को लेकर विवाद बढ़ गया है।

भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर एकता) ने सोमवार को जिला कलेक्टर को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर किसानों को उचित मुआवजा देने और सड़क को पत्थर लाइन पर बनाने की मांग की है।

यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष संदीपसिंह कैरा चक और जिला अध्यक्ष जगमीत सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में कहा गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत बन रही सड़क में गांव बनवाली और आसपास के किसानों की कीमती कृषि भूमि ली जा रही है।

किसानों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण अधिकारी द्वारा मात्र दो गुणा मुआवजा दिया जा रहा है, जबकि राष्ट्रीय प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार चार गुणा मुआवजा दिया जाना चाहिए। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि कुछ जगहों पर किसानों की भूमि को दो भागों में बांट दिया गया है, जिससे खेती करने में भारी परेशानी हो रही है। कई परिवारों की रोजी-रोटी का साधन छिन रहा है। यूनियन ने मांग की है कि बनवाली गांव के किसानों की भूमि का मुआवजा बाजार मूल्य के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये प्रति बीघा के हिसाब से दिया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित