ग्रेटर नोएडा , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया विश्वविद्यालय द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान रोबोट की प्रदर्शनी को लेकर उठे विवाद पर विश्वविद्यालय ने आयोजकों को औपचारिक पत्र भेजते हुए खेद जताया।

बुधवार को विश्वविद्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि हाल ही में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन के दौरान पवेलियन में मौजूद उनकी एक प्रतिनिधि को उत्पाद की तकनीकी जानकारी नहीं थी। कैमरे के सामने आने के उत्साह में उन्होंने अनजाने में गलत जानकारी साझा कर दी, जबकि उन्हें प्रेस से बातचीत करने का कोई अधिकार नहीं था।

पत्र में स्पष्ट किया गया कि इस नवाचार को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का विश्वविद्यालय का कोई संस्थागत इरादा नहीं था। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक निष्ठा, पारदर्शिता और अपने कार्य के जिम्मेदार प्रतिनिधित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित