नयी दिल्ली , अगस्त 21 -- भारत और ब्राजील ने दूरसंचार तथा सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए इस संबंध में शुक्रवार को एक सहमति के करार पर हस्ताक्षर किये।

दोनों पक्षों ने पुणे में आयोजित आईसीटी क्षेत्र पर ब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की बारहवीं बैठक के दौरान अगल से आयोजित कार्यक्रम में आईसीटी क्षेत्र में परस्पर सहयोग के लिए एक समझौता किया। ज्ञापन (एमओयू) पर भारत की ओर से संचार मंत्री मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और ब्राजील की ओर से वहां के संचार मंत्री फ्रेडरिको डी सिक्वेरा फिल्हो ने हस्ताक्षर किये।

संचार मंत्रालय की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह करार डिजिटल नवाचार को आगे बढ़ाने, डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए भारत और ब्राजील की साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इसके अंतर्गत दोनों पक्षों ने दूरसंचार और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के रणनीतिक तथा उभरते क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ायेंगे।

इसके तहत दूरसंचार नीतियां और विनियम, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), 5जी और 6जी, ओपन आरएएन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) , डायरेक्ट-टू-डिवाइस (डी2डी) कनेक्टिविटी, नजदीकी कक्षा वाले उपग्रह( एलईओ उपग्रह) ,गैर-स्थलीय नेटवर्क (एनटीएन), स्पेक्ट्रम तथा उपग्रह/कक्षा प्रबंधन, डिजिटल बुनियादी ढांचा, ऑप्टिकल फाइबर तथा समुद्र के नीचे बिछाई जाने वाली संचार केबल के क्षेत्र में सहयोग शामिल है।

इस सहयोग के दायरे में साइबर सुरक्षा, सार्वभौमिक और सार्थक संचार नेटवर्क सुविधा, डिजिटल समावेशन, उपभोक्ता संरक्षण, निजी नेटवर्क, डिजिटल बदलाव तथा आईसीटी के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करना जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र भी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित