हैदराबाद , जून 10 -- तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार एक विश्वस्तरीय प्रदूषण मुक्त वैश्विक महानगर 'भारत फ्यूचर सिटी' की नींव रख रही है और यह शहर प्रदेश के लिए 2034 तक एक लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
भारत फ्यूचर सिटी में फ्यूचर सिटी डेवलपमेंट अथॉरिटी (एफसीडीए) के कार्यालय भवन का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदराबाद का विकास और बदलाव का एक समृद्ध इतिहास रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे हाईटेक सिटी, आउटर रिंग रोड, अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और जीनोम वैली जैसी पिछली दूरदर्शी परियोजनाओं ने उस समय कड़े विरोध का सामना करने के बावजूद शहर का कायाकल्प कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें अब भारत फ्यूचर सिटी परियोजना में भी बाधा डालने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि तेलंगाना की जनता ने ऐसी ताकतों को पहले ही नकार दिया है।
श्री रेड्डी ने कहा कि एफसीडीए कार्यालय का काम 150 दिनों के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि फ्यूचर सिटी परियोजना ग्रीन फार्मा, जीसीसी और आईटी क्षेत्रों की कंपनियों सहित दुनिया भर की 500 प्रतिष्ठित कंपनियों को आकर्षित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार आसपास के गांवों को फ्यूचर सिटी परियोजना में शामिल कर रही है। मुख्यमंत्री ने हैदराबाद की शहरी चुनौतियों, जैसे बाढ़ और यातायात के जाम के बारे में भी बात की और स्थिति के बिगड़ने के लिये झीलों, तालाबों और सरकारी जमीनों पर बड़े पैमाने पर हुये अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा कि सरकार अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और कुकटपल्ली में नल्ला चेरुवू, अंबरपेट में बथुकम्मा कुंटा और राजेंद्रनगर की झीलों को उनके पुराने स्वरूप में बहाल कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के लिये आजीविका के अवसर पैदा करने के लिए एक झील आधारित अर्थव्यवस्था विकसित कर रही है। उन्होंने जोर दिया कि गंडिपेट और हिमायत सागर जैसे जलाशयों पर प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा किये गये अतिक्रमण को भी हटाया जायेगा।
हैदराबाद की तुलना अन्य महानगरों से करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एक सुनियोजित, पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी शहर बनाने के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वह अक्सर एफसीडीए कार्यालय का दौरा करेंगे, जबकि उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क और मंत्री दुद्दीला श्रीधर बाबू हर हफ्ते प्रगति की समीक्षा करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान श्री रेड्डी ने एफसीडीए के प्रतीक चिन्ह और आधिकारिक वेबसाइट का भी अनावरण किया। इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष प्रसाद कुमार, उप-मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क, मंत्री दुद्दीला श्रीधर बाबू और पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, राज्यसभा सदस्य वेम नरेंद्र रेड्डी और अन्य सहित कई मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित