अहमदाबाद , अक्टूबर 25 -- अहमदाबाद को 2029 वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप की मेजबानी मिल गई है। यह पहली बार होगा जब यह वैश्विक प्रतियोगिता भारत में आयोजित की जाएगी।
इंटरनेशनल वेटलिफ्टिंग फेडरेशन (आईडब्ल्यूएफ) ने रविवार को चीन के निंगबो में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक के बाद, गुजरात की मेजबान के रूप में पुष्टि की। बैठक के दौरान यह भी तय किया गया कि रूस के मॉस्को में 2030 की वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी।
इसके अलावा, 2028 वर्ल्ड यूथ चैंपियनशिप की मेजबानी कोसोवो के प्रिस्टिना को, और 2028 वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप की मेजबानी वेनेजुएला के काराकास को सौंपी गई है।
गुजरात ने हाल ही में एक बड़े स्तर की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता की मेजबानी की थी; इस साल की शुरुआत में गांधीनगर में एशियन चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स भी अहमदाबाद में ही आयोजित किए जाएंगे।
आईडब्लटीएफ द्वारा आयोजित वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप पहली बार 1891 में हुई थी। महिलाओं की वर्ल्ड चैंपियनशिप पहली बार 1987 में आयोजित की गई थी, जबकि पुरुषों और महिलाओं की संयुक्त चैंपियनशिप पहली बार 1991 में हुई थी।
पिछला संस्करण 2025 में नॉर्वे के फोर्डे में आयोजित किया गया था, जबकि अगला संस्करण 27 अक्टूबर से 8 नवंबर तक निंगबो में होना तय है।
आर्मेनिया के येरेवन में 2027 की वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप होगी, जबकि वेनेजुएला के काराकास को 2028 के संस्करण की मेजबानी मिली है।
भारतीय वेटलिफ्टरों ने अब तक वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कुल 18 पदक जीते हैं - जिनमें 3 स्वर्ण, 10 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। कुंजरानी देवी विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। उन्होंने 1989 में मैनचेस्टर में महिलाओं के 44 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता था। उसी प्रतियोगिता में ललिता पोली ने भी पदक जीता और कांस्य पदक अपने नाम किया।
कर्णम मल्लेश्वरी ने 1994 और 1995 में महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में लगातार दो बार विश्व खिताब जीता, जबकि ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू 2017 में 48 किग्रा वर्ग में विश्व चैंपियन बनीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित