नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय राजधानी के लालकिले में आयोजित भारत पर्व में बिहार ने दमदार उपस्थिति दर्ज करायी है और इस दौरान लोग राज्य के खाद्य पदार्थों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की तथा पर्यटन स्थलों की ओर बड़े पैमाने पर आकर्षित हुए।

यहां 26 से 31 जनवरी तक आयोजित भारत पर्व में इस वर्ष बिहार ने एक ओर जहां अत्याधुनिक वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक के माध्यम से राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में लोगों को जानकारी दी। वहीं बिहार की पहचान सुपर फूड मखाना से संबंधित झांकी, पारंपरिक खाद्य पदार्थों के स्टॉल और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

बिहार पर्यटन स्टॉल पर लगाए गए वीआर सेट के जरिए दर्शकों को बोधगया, नालंदा, राजगीर, वैशाली, पावापुरी, वाल्मीकि नगर और मधुबनी जैसे ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की जानकारी लोगों को दी गयी। बिहार के पर्यटन स्थलों की ओर लोग, विशेषकर युवा और विदेशी सैलानी आकर्षित दिखे।

यहां पर प्रदर्शित बिहार की मखाना झांकी इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी के माध्यम से मिथिला क्षेत्र में मखाना की खेती, प्रसंस्करण और इससे जुड़े ग्रामीण जीवन को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया है।

झांकी में मखाना को बिहार के "सुपर फूड" पहचान के रूप में प्रस्तुत करते हुए इसके पोषण मूल्य, रोजगार संभावनाओं और वैश्विक मांग को रेखांकित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित