नयी दिल्ली , जून 05 -- भारत ने पाकिस्तान के अनधिकृत कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों में तथाकथित "गिलगित-बाल्टिस्तान विधानसभा" के लिए "आम चुनाव" कराने की पाकिस्तान की योजना का कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा है कि "गिलगित-बाल्टिस्तान" भारत का अभिन्न अंग है और पाकिस्तान को इसे खाली करना होगा।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि 1947 में जम्मू-कश्मीर के भारत में पूर्ण, कानूनी और अपरिवर्तनीय विलय के परिणामस्वरूप "गिलगित-बाल्टिस्तान" सहित जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के पूरे केंद्र शासित प्रदेश भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं।
भारत ने जोर देकर कहा है कि पाकिस्तान के ऐसे प्रयास मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन, राजनीतिक दमन, आर्थिक शोषण और पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए गए क्षेत्रों में स्वतंत्रता से इनकार करने के अंतर्निहित मुद्दों को छुपा नहीं सकते हैं।
वक्तव्य में कहा गया है कि पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में भौतिक परिवर्तन लाने के पाकिस्तान के किसी भी प्रयास को भारत स्पष्ट रूप से खारिज करता है और ऐसी कार्रवाई इस तथ्य को छिपा नहीं सकती है कि पाकिस्तान ने अवैध रूप से भारतीय क्षेत्रों पर कब्जा किया हुआ है जिसे उसे खाली करना होगा।
रिपोर्टों के अनुसार पाकिस्तान ने आगामी रविवार को गिलगित बाल्टिस्तान में 'विधानसभा चुनाव' कराने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित