नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- भारत ने दक्षिणी सूडान में तैनात संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों पर हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें एक इथियोपियाई शांति सैनिक की मौत हो गई और अन्य शांति सैनिक घायल हो गए।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में शांति सैनिकों की सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया।
भारतीय मिशन ने मृत शांति सैनिक को श्रद्धांजलि दी और घायल शांति सैनिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र परिसरों और कर्मियों की पवित्रता तथा अक्षुण्णता का सम्मान करने के मौलिक महत्व को दोहराया और सभी पक्षों से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के चार्टर के तहत काम कर रहे संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
भारत ने शांति सैनिकों के खिलाफ अपराधों के लिए जवाबदेही पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2589 का पूर्ण पालन करने का आग्रह किया और हमले की तत्काल एवं गहन जांच कर जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने तथा पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित