चंडीगढ़ , सितंबर 03 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष के. एस. ढिल्लों ने भारत की तेज आर्थिक वृद्धि को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम बताया है।
उन्होंने गुरुवार को एक बयान में कहा कि दुनिया के कई देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, वहीं भारत लगातार तेज विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहना देश की मजबूत और गतिशील अर्थव्यवस्था का संकेत है। उन्होंने दावा किया कि प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत की विकास दर देश को वैश्विक आर्थिक वृद्धि के प्रमुख केंद्रों में शामिल कर रही है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और वित्तीय सेवा क्षेत्र में 12.1 प्रतिशत, विनिर्माण क्षेत्र में 9.2 प्रतिशत तथा निवेश और बुनियादी ढांचे में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि केंद्र सरकार की औद्योगिक, निवेश और आधारभूत ढांचे को बढ़ावा देने वाली नीतियों की सफलता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि घरेलू खपत में 7.1 प्रतिशत और निर्यात में 12 प्रतिशत की वृद्धि भारत की आंतरिक आर्थिक मजबूती तथा वैश्विक बाजार में बढ़ती भूमिका का संकेत है। उन्होंने कहा कि भारत न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख आर्थिक शक्ति के रूप में अपना प्रभाव भी बढ़ा रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि श्री मोदी के 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक बुनियादी ढांचा, बढ़ता औद्योगिक उत्पादन, डिजिटल क्रांति और युवाओं के लिए बढ़ते अवसर इस विकास यात्रा के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत का आत्मविश्वास और वैश्विक प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। सही नीतियों, मजबूत नेतृत्व और जनभागीदारी के बल पर भारत 2047 तक पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने का लक्ष्य हासिल कर सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित