ऑकलैंड , अक्टूबर 30 -- भारत ने शुक्रवार को चौथे टी-20 मुकाबले में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
आज यहां भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के बाद अय्यर ने कहा कि मैं सेम पैटर्न फॉलो करने की कोशिश कर रहा हूं। पिछले मैच में हमारे खिलाड़ियों ने परिस्थितियों के हिसाब से स्वयं को बेहतरीन ढंग से ढाला और गेंदबाजों ने भी उस हिसाब से अपनी लाइन और लेंथ को एडजस्ट किया। हमने सीरीज जीत ली है लेकिन मेरा अभी भी मानना है कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है। परिणामों के इतर हमें हावी होना पड़ेगा और सभी खिलाड़ी ऊर्जा से भरे हैं। पिच पर घास है इसलिए उम्मीद है कि उछाल होगी। वैभव सूर्यवंशी और भुवनेश्वर कुमार आज का मुक़ाबला नहीं खेल रहे हैं और इशान किशन और मयंक यादव की वापसी हुई है।
वहीं न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि पिच अच्छी है और तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। यहां अधिक उछाल रहती है। हम ताजा शुरुआत करने की कोशिश करेंगे। पिछले मैच में पावरप्ले में उन्होंने (भारत) काफी विध्वंसक बल्लेबाजी की थी। टीम में एक बदलाव है। नेथन स्मिथ, काइल जेमिसन की जगह एकादश में वापस आए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित