आइची-नागोया (जापान) , सितंबर 22 -- भारत की महिला टेबल टेनिस टीम ने मंगलवार को एशियाई खेलों में 1-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए थाईलैंड को 3-2 से हराया और क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
आज यहां खेले गये मुकाबले में जब भारतीय टीम का अभियान खतरे में था, तब यशस्वी घोरपड़े और श्रीजा अकुला ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया और अहम चौथा और पांचवां मैच जीतकर टीम को शानदार जीत दिलाई।
थाईलैंड ने शुरुआती बढ़त बनाई जब ओरावन परानंग ने दो गेम से पिछड़ने के बाद श्रीजा को 7-11, 1-11, 11-9, 11-6, 12-10 से हराया। यह एक लंबा और कड़ा मुकाबला था। यशस्वी ने एशियाई खेलों की पदक विजेता सुथासिनी सावेताबुत को 11-8, 5-11, 7-11, 11-9, 11-9 से हराकर स्कोर बराबर किया।
थाईलैंड ने फिर से बढ़त बना ली जब जिन्नापान सावेताबुत ने दिया चितले को 11-7, 5-11, 11-7, 11-7, 13-11 से हराया, जिससे भारत टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर आ गया। हालांकि, यशस्वी ने भारत के अभियान को खत्म नहीं होने दिया। उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए परानंग को 11-5, 11-8, 11-9 से हराया और स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारत को जीत दिलाने की जिम्मेदारी श्रीजा पर थी।
भारतीय खिलाड़ी ने सुथासिनी के खिलाफ पहला गेम 9-11 से गंवा दिया, लेकिन जोरदार वापसी करते हुए अगले तीन गेम 11-6, 12-10, 11-8 से जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। चौथे गेम में 6-8 से पिछड़ने के बाद श्रीजा दबाव में थीं, लेकिन उन्होंने लगातार पांच अंक जीतकर मैच का रुख बदल दिया और भारत को अंतिम आठ में पहुंचा दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित