जकार्ता , जुलाई 08 -- एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की अंडर -23 महिला बॉक्सरों ने शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को जकार्ता में दोपहर और शाम के सेशन में हुए क्वार्टर फाइनल में बेहतरीन खेल दिखाते हुए नौ बॉक्सरों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई और मेडल पक्के किए।
दोपहर के सेशन में, तनु (51किग्रा) ने थाईलैंड की केवालिन नोरासिंग के खिलाफ 5:0 से एकतरफा जीत दर्ज की, जबकि निशा (54) ने कजाकिस्तान की आलियाक्सर सिम्बैट के खिलाफ 5:0 से शानदार जीत हासिल की। 48किग्रा के मुकाबले में निधि ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन कजाकिस्तान की गुलनाज़ बुरीबायेवा से 3:2 के 'स्प्लिट डिसीजन' में करीबी अंतर से हार गईं।
शाम के सेशन में भी भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। प्राची (57) ने कोरिया की येजिन ओह के खिलाफ पहले ही राउंड में आरएससी (रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना) के ज़रिए बड़ी जीत हासिल की। इसके बाद निकिता चंद (60) ने चीनी ताइपे की चेन-ज़ुआन ये के खिलाफ तीसरे राउंड में आरएससी से शानदार जीत दर्ज की, जबकि काजल (65) ने जापान की अरिंडा अकिमोटो को कड़े मुकाबले में 4:1 के 'स्प्लिट डिसीजन' से हराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित