मोतिहारी , सितंबर 14 -- भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी ने सोमवार को दो अलग-अलग कार्रवाई में 2,070 किलोग्राम यूरिया खाद और 2,880 किलोग्राम तरबूज के बीज जब्त किए तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल, तीन साइकिल और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।

एसएसबी सूत्रों ने बताया कि कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में सीमा चौकी रेगनिया के गश्ती दल को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल और सिर पर यूरिया खाद की बोरियां लेकर भारत से नेपाल की ओर जा रहे हैं। गश्ती दल को देखते ही संदिग्ध खाद की बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर भागने लगे। पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान त्रिभुवन ,निवासी रेगनिया, पोस्ट बिजबनी, थाना जितना के रूप में हुई। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई 45 किलोग्राम की 46 बोरियों में कुल 2,070 किलोग्राम यूरिया खाद, एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और तीन साइकिल बरामद की गईं।

एसएसबी के अनुसार, पकड़ा गया व्यक्ति खाद से संबंधित वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में खाद को नेपाल में बिक्री के लिए ले जाने की बात सामने आई। जब्त सामग्री और वाहनों को सीमा शुल्क कार्यालय, मोतिहारी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसी दिन समवाय मुख्यालय बेलदरवामठ के गश्ती दल ने सैनिक रोड पर एक संदिग्ध सफेद पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से 40 किलोग्राम की 72 बोरियों में कुल 2,880 किलोग्राम तरबूज के बीज बरामद किए गए।

वाहन चालक ने अपना नाम अरमान , निवासी जमालपुर, पोस्ट रामनगर, थाना मसौली, जिला बाराबंकी, उत्तर प्रदेश बताया। पूछताछ में उसने बताया कि तरबूज के बीज नेपाल के मटियरवा क्षेत्र से भारत लाए गए थे और उन्हें रक्सौल ले जाया जा रहा था। हालांकि, वह सामान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

एसएसबी ने 2,880 किलोग्राम तरबूज के बीज और पिकअप वाहन को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मामलों में जब्त सामग्री, वाहन और गिरफ्तार आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, मोतिहारी को सुपुर्द करने की प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित