सिलीगुड़ी , सितंबर 30 -- भारत के सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और नेपाल के सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ) ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा दोनों बलों के बीच परिचालन समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चार सूत्री प्रस्ताव अपनाया है।

सिलीगुड़ी के रानीडांगा स्थित एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय में 29 और 30 सितंबर को आयोजित दो दिवसीय डीआईजी-स्तरीय द्विपक्षीय समन्वय बैठक के दौरान ये प्रस्ताव अपनाये गये। यह बैठक एसएसबी फ्रंटियर मुख्यालय (सिलीगुड़ी) के महानिरीक्षक (आईजी) वंदन सक्सेना के मार्गदर्शन में हुई।एसएसबी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व रानीडांगा सेक्टर मुख्यालय के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एसके सारंगी ने किया, जबकि एपीएफ नेपाल प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई सुनसरी ब्रिगेड मुख्यालय के उप महानिरीक्षक मनीष थापा ने की।

बैठक में बातचीत का मुख्य केंद्र घनिष्ठ परिचालन सहयोग और समय पर खुफिया जानकारी साझा करने के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक अधिक प्रभावी और समन्वित सुरक्षा तंत्र स्थापित करने पर रहा। दोनों पक्षों के अपनाये गये चार सूत्री प्रस्ताव में सीमा पार अपराधों पर रोक लगाने के लिए संयुक्त समन्वित गश्त और रियल-टाइम में खुफिया जानकारी साझा करने, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों, हथियारों तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी को रोकने के साथ-साथ अनधिकृत सीमा पार आवाजाही पर नियंत्रण लगाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने, सीमा स्तंभों का रख-रखाव करने तथा नो मैन्स लैंड पर अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों को सुलझाने और दोनों बलों के यूनिट कमांडरों के बीच संस्थागत समन्वय व पारस्परिक सहयोग को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

एसएसबी अधिकारियों के अनुसार, दोनों पक्षों ने भारत-नेपाल सीमा पर शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाये रखने तथा दोनों सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।

बैठक में गंगटोक और पूर्णिया स्थित एसएसबी सेक्टर मुख्यालयों के अधिकारियों के साथ-साथ 8वीं, 12वीं, 19वीं, 36वीं, 41वीं और 45वीं बटालियनों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

नेपाली प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान उनकी आवाजाही को सुगम बनाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिलीगुड़ी पुलिस आयुक्त कार्यालय के समन्वय से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित