मोतिहारी , जून 16 -- िहार में पूर्वी चंपारण जिले की भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी विरोधी अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 71वीं वाहिनी मोतिहारी (अठमोहान) और झरोखर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 76.6 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एसएसबी की 71वीं वाहिनी के खुफिया तंत्र को नेपाल से भारत में गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर एएसआई हरिंदर यादव के नेतृत्व में एसएसबी के चार जवानों तथा झरोखर थाना के एक अवर निरीक्षक और दो पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या 358/4 के समीप बरोखर गांव में विशेष नाका लगाया गया।

सूत्रों ने बताया कि मंगलवार तड़के नाका ड्यूटी पर तैनात जवानों ने कुछ संदिग्ध लोगों को पीठ पर बोरे लादे सीमा पार करते देखा। जवानों के रुकने का संकेत देने पर तस्कर भागने लगे। पीछा करने के दौरान एक तस्कर को पकड़ लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए। इसके बाद चलाए गए सघन तलाशी अभियान में पांच जूट के बोरे बरामद किए गए। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई। वजन करने पर कुल 76.6 किलोग्राम गांजा पाया गया।

सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान डुमरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी बच्चा महतो के रूप में की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल के बारा जिले के बसवरिया क्षेत्र से गांजा लाकर भारत के बिजबनी क्षेत्र में पहुंचाने का काम कर रहा था और वह इस तस्करी नेटवर्क में कूरियर की भूमिका निभा रहा था।जब्ती की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार तस्कर और बरामद गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए झरोखर थाना को सौंप दिया गया है।

सिकरहना के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिषेक कुमार ने बताया कि मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित