मधुबनी , अक्टूबर 13 -- बिहार में मधुबनी जिले के भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 54 लीटर नेपाली देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी की 48वीं वाहिनी, जयनगर के एफ समवाय मुख्यालय कमला की नाका पार्टी ने यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 271/04 के पास की। इस दौरान नेपाल की ओर से सिर पर बोरियां रखकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहे दो व्यक्तियों को पकड़ा गया। उनकी पहचान मधुबनी जिले के इनरवा कचहरी टोला निवासी मनीष सदाय (26) और पिथवा टोला निवासी देवलाल मुखिया (30) के रूप में हुई है।
गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से 300 मिलीलीटर की 180 बोतलों में रखी कुल 54 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद की गई। शराब का नाम गौरव बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित