बहराइच , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की रूपईडीहा थाना पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर 53 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के पास से भारतीय एवं नेपाली मुद्रा भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाना पर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 जुलाई की रात थाना रूपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 651/2 से नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर भारतीय सीमा से नेपाल की दिशा में जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 53 ग्राम स्मैक, 200 रुपये भारतीय मुद्रा तथा 100 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शमीम अहमद (38) पुत्र लल्लन रायनी, निवासी चिकवन मोहल्ला मुनीरगंज, थाना रूपईडीहा, जनपद बहराइच के रूप में बताई।

इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार हुए आरोपी पर बरामदगी के आधार पर थाना रूपईडीहा में मु.अ.सं. 182/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस अधिनियम तथा आयुध अधिनियम के मामलों में आरोपित रह चुका है। उसके विरुद्ध वर्ष 2022, 2023 और 2025 में भी रूपईडीहा थाने में मुकदमे दर्ज हैं। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब पंद्रह लाख बताई जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित