सुपौल , अगस्त 03 -- िहार के सुपौल जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बीरपुर ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए 31.400 किलोग्राम गांजा, एक नेपाली पासपोर्ट और हिरण का सींग बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।एसएसबी 45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा चौकी सतना के जवान नियमित नाका चेकिंग प्वाइंट ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सुबह करीब 6:35 बजे सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 31.400 किलोग्राम गांजा, एक नेपाली पासपोर्ट और हिरण का सींग बरामद किया गया तथा नीलेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी मंडल टोला, बीरपुर, जिला सुपौल का निवासी है।
कार्रवाई के बाद मंडल टोला क्षेत्र में अतिरिक्त बल, नारकोटिक डॉग स्क्वाड और ड्रोन की सहायता से सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित रूप से छिपाए गए मादक पदार्थों का पता लगाया जा सके।
श्री सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी एवं जब्ती संबंधी कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद गांजा, नेपाली पासपोर्ट, हिरण का सींग तथा गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए बीरपुर थाना के हवाले कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित