पिथौरागढ़ , अप्रैल 12 -- अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पिथौरागढ़ पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ समन्वय स्थापित कर सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

सीमा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से नियमित रूप से सघन जांच और गश्त अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जौलजीबी क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान संचालित किया गया।

थानाध्यक्ष जौलजीबी प्रदीप यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सीमा क्षेत्र में गहन गश्त की गई। टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए आवश्यक पूछताछ और जांच की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए इस तरह के संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

जिला पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित