चम्पावत , अक्टूबर 25 -- उत्तराखंड की चंपावत पुलिस ने रविवार को भारत-नेपाल सीमा पर दो संदिग्धों से 2,20,500 की नेपाली और 21,500 रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद की है। मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कपरवाण के पर्यवेक्षण में एसओजी टीम की ओर से बनबसा के लाटा खल्ला के जंगल में चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान संदिग्ध अवस्था में मिली मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें दोनों व्यक्तियों के पास भारतीय और नेपाली मुद्रा मिली। पूछताछ में दोनों ने खुद को नेपाल में पशुओं की खरीद-बिक्री और व्यापार से जुड़ा बताया। पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बरामद रकम और मोटरसाइकिल को कस्टम विभाग को सौंप दिया है। दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित