मधुबनी , जुलाई 13 -- ारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मधुबनी पुलिस ने 19.9 लीटर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप, तीन देशों की मुद्रा तथा अन्य सामान के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने सोमवार को बताया कि ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने लदनियां थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की।उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने कड़हरवा गांव के पास घेराबंदी कर बाइक सवार ब्रह्मदेव कुमार राम को गिरफ्तार किया। उसकी बाइक से 19 लीटर प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह खाजेडीह चौक स्थित बबलू मेडिकल हॉल से सिरप खरीदकर नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में ऊंचे दाम पर बेचता था।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ब्रह्मदेव की निशानदेही पर पुलिस ने बबलू मेडिकल हॉल में छापेमारी कर संचालक बब्लू कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। दुकान से नौ बोतल कोडीन सिरप और 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में बब्लू ने बताया कि वह अपने भाई दीपक चौधरी के साथ मिलकर यह अवैध कारोबार संचालित करता था।

मोबाइल की जांच में मिले वित्तीय लेन-देन के आधार पर पुलिस ने पिपराही निवासी शंभू प्रसाद साह को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शंभू इस गिरोह का मुख्य फाइनेंसर था और नेपाली मुद्रा को भारतीय मुद्रा में बदलने का काम करता था।पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से कुल 19.9 लीटर कोडीन युक्त सिरप, 11,42,100 नेपाली रुपये, 5,33,101 भारतीय रुपये, 750 रुपये के नकली नेपाली नोट, सऊदी अरब के छह रियाल, यूएई के पांच दिरहम, दो एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल तथा बाइक बरामद की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह अवैध कारोबार से अर्जित मुनाफे का आपस में बंटवारा करता था। इस मामले में लदनियां थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट के अन्य सदस्यों तथा इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। साथ ही अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित