नयी दिल्ली , फरवरी 17 -- एवरेस्ट चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (ईसीसीआई) दिल्ली के हौज खास में 20 फरवरी से तीन दिवसीय भारत-नेपाल व्यापार सम्मेलन का आयोजन करेगा जिसमें लोगों को पर्वतीय देश की संस्कृति को करीब से जानने का मौका मिलेगा।

भारत में नेपाली कारोबारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि यहां पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भवन में 20 से 22 मार्च तक आयोजित होने वाले इस व्यापार मेले में नेपाल के खास उत्पाद, वहां के खान-पान और वहां की संस्कृति को दर्शाया जायेगा।

ईसीसीआई के महासचिव मोहन कारकी ने बताया कि व्यापार मेले में जलविद्युत क्षेत्र में आपसी भागीदारी, पर्यटन को प्रोत्साहन, कला एवं संस्कृति और भारत के साथ व्यापार घाटा कम करने पर फोकस होगा। उन्होंने बताया कि इस समय द्विपक्षीय व्यापार संतुलन भारत की तरफ काफी झुका हुआ है। नेपाल में जल विद्युत और पर्यटन क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं।

श्री कारकी ने कहा कि व्यापार मेले में भारत की ओर से केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टमटा शामिल होंगे। नेपाल के उद्योग, व्यापार एवं आपूर्ति के साथ संस्कृति, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री अनिल कुमार सिन्हा भी मौजूद होंगे। भारत में नेपाली दूतावास, नेपाल पर्यटन बोर्ड और नेपाल व्यापार एवं निर्यात संवर्धन केंद्र के सहयोग से व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है।

व्यापार मेले के पहले दिन नेपाली फिल्म 'गोरखा वॉरियर' का प्रीमियर भी किया जायेगा। नेपाल के पारंपरिक मंजू श्री नृत्य का भी प्रदर्शन किया जायेगा। तीन दिन में कुल आठ प्लेनरी सेशन आयोजित होंगे।

श्री कारकी ने बताया कि व्यापार मेले में 60-70 स्टॉल लगाये जायेंगे जिनमें नेपाल के उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जायेगा। इसमें बिजली कंपनियां, सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियां, टूर एंड ट्रेवल कंपनियां और होटलों के ऑपरेटर भी शामिल होंगे। पीएचडी चैंबर की सदस्य कंपनियां भी इसमें शिरकत करेंगी। आयोजक इसमें 20 हजार लोगों के आने की उम्मीद कर रहे हैं।

ईसीसीआई के अध्यक्ष युवराज बराल ने कहा कि नेपाल और भारत में भाषा, धर्म और संस्कृति की समानता है। दोनों देशों में आपसी व्यापार और लोगों के बीच रिश्तों को बढ़ाने की काफी संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित