जयपुर , जुलाई 31 -- राजस्थान में हाल में शुरु हुई भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म पर अब तक 1.37 लाख से अधिक ग्राहकों एवं 39 हजार से अधिक सारथियों का पंजीकरण हो चुका है और इससे जुड़े सारथियों को अब तक 25 लाख रुपए से अधिक की आय भी प्राप्त हुई है।

सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियाँ डॉ. समित शर्मा ने भारत टैक्सी की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर उनकी अध्यक्षता में शुक्रवार को शासन सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक यह जानकारी दी।

बैठक में जयपुर शहर में भारत टैक्सी के संचालन, यात्रियों एवं सारथियों के पंजीकरण, सेवा विस्तार, ब्रांडिंग, ऑनबोर्डिंग तथा जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। डॉ शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा गत 25 जुलाई को शुभारंभ किए जाने के बाद भारत टैक्सी को जयपुर में काफी पसंद किया गया और अब तक प्लेटफॉर्म पर 1.37 लाख से अधिक ग्राहकों का पंजीकरण, 39 हजार से अधिक सारथियों का पंजीकरण, 21 हजार 500 से अधिक सारथियों का संचालन के लिए सक्षम किया जाना तथा 22 हजार 500 से अधिक सफल राइड पूर्ण की जा चुकी हैं।

बैठक में जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन एवं जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत टैक्सी की उपस्थिति को सुदृढ़ करने, शहर के प्रमुख स्थलों पर ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियों को गति देने, टी-स्टॉल ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग तथा सोशल मीडिया अभियान को प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नए कैब, ऑटो एवं बाइक सारथियों के ऑनबोर्डिंग हेतु नियुक्त फील्ड ऑफिसर्स की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अभियान को और गति देने के निर्देश दिए गए।

डॉ. शर्मा ने निर्देश दिए कि आगामी चरण में सेवा की पहुंच बढ़ाने, यात्रियों का विश्वास सुदृढ़ करने तथा संचालन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित