नयी दिल्ली , अगस्त 25 -- राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने मंगलवार को बीजिंग में भारत-चीन सीमा के बारे में विशेष प्रतिनिधियों की वार्ता के 25वें दौर की बैठक की और दोनों पक्षों ने सीमा मुद्दे के राजनीतिक समाधान की दिशा में कदम उठाते रहने पर सहमति जताई।

विदेश मंत्रालय ने देर रात जारी वक्तव्य में कहा कि भारत-चीन सीमा के मुद्दे पर भारत के विशेष प्रतिनिधि श्री डोभाल ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के निमंत्रण पर बीजिंग का दौरा किया।

दोनों पक्षों ने अक्टूबर 2024 में कज़ान और अगस्त 2025 में तियानजिन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति को लागू करने में हुई प्रगति पर चर्चा की।

भारत और चीन ने लोगों के बीच तथा सीमा पार आदान-प्रदान की निरंतर बहाली पर भी संतोष व्यक्त किया। इसमें कैलाश मानसरोवर यात्रा और तीन निर्धारित सीमा व्यापार मार्गों के जरिए सीमा व्यापार शामिल है।

श्री मोदी और श्री शी के रणनीतिक मार्गदर्शन के अनुरूप दोनों पक्षों ने सीमा मुद्दे पर स्पष्ट और गहन विचार-विमर्श किया तथा दोनों देशों के समग्र और दीर्घकालिक हितों के संदर्भ में सीमा प्रश्न के राजनीतिक समाधान की तलाश में अपना काम जारी रखने पर सहमति जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित