फर्रुखाबाद , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद में सांसद मुकेश राजपूत ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है।
श्री राजपूत के मुख्य आतिथ्य में रविवार को फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार, में 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा' सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये। इस कार्यक्रम में जनपद आगरा के डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।
उन्होंने बताया कि 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' शिक्षकों और उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक के साथ किया गया यह अनुबंध शिक्षकों को विभिन्न बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के बौद्धिक एवं वैचारिक विकास की प्रगति शिक्षकों की सुरक्षा एवं उनके विकास पर निर्भर करती है। बच्चों की प्रथम पाठशाला उसका परिवार होता है। अतः प्रथम शिक्षक के रूप में अभिभावक अपने बच्चों में गुरुजनों का सम्मान करने का भाव उत्पन्न करें, जिससे वह शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन में देश की उन्नति में मुख्य भूमिका अदा कर सकें। देश को विकसित राष्ट्र बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समाज के बौद्धिक एवं वैचारिक विकास के महत्व को रेखांकित करने के लिए इस योजना के माध्यम से पात्र शिक्षकों कोचिकित्सालयों में पांच लाख रुपये के निः शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही पीएनबी के सहयोग से शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं बैंकिंग सेवाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
समारोह में उपस्थित शिक्षकों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने तथा समयबद्ध रूपसेआवश्यकऔपचारिकताएं पूर्ण करने का आह्वान किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित