मुंबई , अगस्त 09 -- मुंबई की सोमैया विद्याविहार यूनिवर्सिटी में रविवार को एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 के टीम इवेंट फाइनल में हांगकांग चीन के खिलाफ मुकाबले में भारत को हार मिली और उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

ओम सेमवाल, शमीना रियाज़, सूरज कुमार चंद और निरुपमा दुबे की भारतीय टीम का मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा, लेकिन गेम अंतर के आधार पर हांगकांग चीन से फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

ओम सेमवाल ने लैप मैन औ को 3-0 (7-3, 7-3, 7-3) से हराकर भारत को जीत के साथ शुरुआत दिलाई। लेकिन चिंग हेई फंग ने शमीना रियाज़ को 3-0 (7-3, 7-1, 7-4) से हराकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

इसके बाद सूरज कुमार चंद ने शिंग फंग लैम को 3-2 (6-7, 7-0, 5-7, 7-3, 7-4) से मात दी और भारत को फिर से बढ़त दिलाई। हालांकि, भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी द्वारा गंवाए गए दो गेम निर्णायक साबित हुए, जब निरुपमा दुबे को पो युई कर्स्टी वोंग से 3-0 (7-4, 7-5, 7-3) से हार का सामना करना पड़ा। इससे दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर आ गईं, लेकिन गेम के मामले में हांगकांग चीन आगे रहा।

टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, नॉकआउट स्टेज में 2-2 से टाई होने पर फैसला पहले गेम के अंतर से किया जाता है, और अगर तब भी बराबरी रहती है, तो चारों मैचों में अंकों के अंतर से फैसला किया जाता है। अगर टीमें तब भी बराबरी पर रहती हैं, तो रिजल्ट का फैसला पहले मैच के हेड टू हेड के नतीजों से किया जाता है।

स्वर्ण पदक न जीत पाने के बावजूद एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी स्क्वैश चैंपियनशिप के टीम इवेंट में रजत जीतना भारत का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। साल 2024 में दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हुए टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में भारत ने टीम ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

भारत ने शुक्रवार को क्वार्टर-फाइनल में चेकिया को 3-1 से हराकर टीम इवेंट में अपने अभियान की शुरुआत की थी। संदेश पलानीवेल रविकुमार ने 3-0 से जीत दर्ज कर भारत को बढ़त दिलाई, जिसके बाद कैरोलिना स्रामकोवा ने शमीना रियाज़ को 3-1 से हराकर मुकाबला टाई कर दिया। ओम सेमवाल ने जैचिम म्रासेक को 3-0 से हराकर भारत को फिर से बढ़त दिलाई। इसके बाद पूजा आरती रघु ने टेरेज़ा सिरोका को उसी स्कोर से हराकर जीत दर्ज की। इसके बाद मेजबान टीम ने सेमीफाइनल में स्पेन को 3-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई।

शुरुआती मैच में निरुपमा दुबे को बाय मिला, जिसके बाद सूरज कुमार चंद ने ह्यूगो जाएन को 3-1 से हराकर भारत की बढ़त को और मजबूत किया। नोआ रोमेरो ने पूजा आरती रघु को 3-1 से हराया और स्पेन की उम्मीदें बरकरार रखीं। लेकिन ओम सेमवाल ने धैर्य के साथ खेलते हुए मार्क अल्तारिबा को 3-2 से हराया और भारत को फाइनल में पहुंचाया।

इसके अलावा एशियन गेम्स 2026 टीम का हिस्सा रहे सूरज कुमार चंद ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। वह एफआईएसयू वर्ल्ड यूनिवर्सिटी स्क्वैश चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित