नयी दिल्ली , फरवरी 21 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह दशक भारत में प्रौद्योगिकी का दशक बनने जा रहा है और दुनिया भी इसे मानते हुए भारत को प्रौद्योगिकी के भविष्य के केन्द्र के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का बड़ा राज्य होने के साथ-साथ देश का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का केन्द्र भी बनने जा रहा है।

श्री मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीड़ा) में एचसीएल-फॉक्सकॉन संयुक्त उपक्रम परियोजना, इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत इस प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सोफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों पहलुओं पर एक साथ काम कर रहा है।

उन्होंने कहा ," हम सभी के लिए ये गर्व की बात है कि उत्तर प्रदेश भी भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का बड़ा केन्द्र बनने जा रहा है।

एचसीएल और फॉक्सकॉन की ये नई फैक्ट्री प्रौद्योगिकी पॉवरहाउस के रूप में राज्य की नई पहचान को और सशक्त करेगी। यह दशक भारत का टैकेड है।"श्री मोदी ने कहा कि इस दशक में भारत प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जो कुछ कर रहा है वह 21वीं सदी के हमारे सामर्थ्य का आधार बनेगा।

उन्होंने कहा कि भारत को चिप विनिर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है इसके लिए देश में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित