नयी दिल्ली , जून 23 -- भारत ने बंगलादेश में हिन्दू देवी देवताओं की प्रतिमाओं के साथ आपत्तिजनक हरकतों पर चिंता व्यक्त करते हुए उम्मीद जतायी है कि वहां की सरकार चरमपंथियों की गतिविधियों पर अंकुश लगायेगी और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्वित करेगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को यहां नियमित ब्रीफिंग में सवालों के जवाब में यह बात कही। उन्होंने आशा की कि सरकार वहां अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा ," हमने देखा है कि बंगलादेश में हिन्दू देवी देवताओं की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक हरकतें हुई जिसके कारण वहां विरोध प्रदर्शन हुआ है। हमें उम्मीद है कि बंगलादेश सरकार वहां के चरमपंथियों की गतिविधियों पर अंकुश लगायेगी और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।"मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि बंगलादेश में हिन्दू देवी देवताओं की प्रतिमाओं का अपमान किया गया है जिसके बाद हिन्दू समुदाय ने इसके विरोध में सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित