गुवाहाटी , नवंबर 26 -- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली 2-0 की हार ने भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल की राह मुश्किल कर दी है और अब डब्ल्यूटीसी चक्र के दूसरे चरण में उन्हें काफी मेहनत करनी होगी।
भारत 2025-27 के चक्र में 18 में से नौ टेस्ट खेल चुका है और वह 52 अंकों के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर है। भारत को अगर अंतिम दो स्थान में यह चक्र समाप्त करना है तो उन्हें दूसरे चरण में बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा और उसे 60 प्रतिशत तक पहुंचने के लिए 130 अंक अर्जित करने होंगे। टीम को एक जीत पर 12 जबकि ड्रॉ पर चार अंक मिलते हैं। तो भारत को शेष नौ मैचों में 78 अंक चाहिए होंगे। जिसमें श्रीलंका और न्यूजीलैंड में दो-दो और घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच टेस्ट शामिल हैं। अगर भारत इन मैचों में से छह में जीत दर्ज करता है और दो मैच ड्रॉ होते हैं तो भारत को 80 और अंक मिल जाएंगे और अगर भारत सात मैच जीतता है तो उन्हें 84 और अंक मिलेंगे।
2027 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलने से पहले भारत को अगस्त 2026 में श्रीलंका और नवंबर 2026 में न्यूजीलैंड में सीरीजी खेलनी है। श्रीलंका में भारत का रिकॉर्ड अच्छा है और वहां भारत को पिछले छह टेस्ट में से पांच में जीत हासिल हुई है लेकिन भारत ने आख़िरी बार 2017 में श्रीलंका का दौरा किया था। जबकि न्यूज़ीलैंड में भारत का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। 2020 में उन्हें 2-0 जबकि 2014 में 1-0 से हार नसीब हुई थी। अगर भारत इन दोनों देशों में सभी चार मुक़ाबले भी जीत लेता है तब भी उन्हें ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ काफ़ी मुक़ाबलों में जीत हासिल करने के साथ ही अंतिम दो में अंक तालिका में समाप्त करने के लिए काफी अंक अर्जित करने होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित