नयी दिल्ली , फरवरी 16 -- भारत के ग्रैंड मुफ्ती शेख अबूबक्र अहमद ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की सामाजिक, मानवीय, शैक्षिक और विकास से जुड़े व्यापक विषयों पर चर्चा की तथा अल्पसंख्यक कल्याण से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।

ग्रैंड मुफ्ती ने प्रधानमंत्री को 'विद ह्यूमैनिटी' विषय के तहत हाल ही में किये गये अपने केरल दौरे के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों से प्राप्त चिंताओं और मांगों से अवगत कराया। उन्होंने आगामी पवित्र रमजान माह के लिए अपने संदेश और विचार भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखे।

श्री मोदी ने समस्त केरल जमीयतुल उलेमा और जामिया मरकज़ के नेतृत्व में संचालित शैक्षिक एवं सामाजिक कल्याण पहलों की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करते हैं।

चर्चा के दौरान समावेशी विकास पर जोर दिया गया, जिसमें समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, आर्थिक वृद्धि के साथ-साथ खुशी और मानव विकास सूचकांकों को प्राथमिकता देने तथा जनसंख्या अनुपात और क्षेत्रीय संतुलन के आधार पर संसाधनों के न्यायसंगत आवंटन की आवश्यकता रेखांकित की गयी।

बैठक में वक्फ और एसआईआर से जुड़े विषयों, ऐतिहासिक मस्जिदों और इस्लामी विरासत स्मारकों के संरक्षण और मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय फेलोशिप सहित अल्पसंख्यक शैक्षिक कल्याण योजनाओं की बहाली पर चर्चा की गयी।

इसके अलावा निर्दोष व्यक्तियों को न्याय सुनिश्चित करने, उत्तर भारत में मुबारकपुर जामिया अशरफिया जैसे इस्लामी संस्थानों के समक्ष चुनौतियों, दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थस्थलों को जोड़ने वाली रेल सेवाओं के प्रस्ताव तथा अलीगढ़ विश्वविद्यालय के मलप्पुरम केंद्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित