पटना , जून 18 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों, विरासत और आस्था को भी नई पहचान और गौरव प्रदान किया है। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कि वर्ष 2014 के बाद भारत में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। आज अयोध्या राम मंदिर से लेकर काशी विश्वनाथ धाम, केदारनाथ मंदिर से लेकर महाकुंभ 2025 तक देश अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजते हुए आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर अपनी सांस्कृतिक पहचान के साथ मजबूती से खड़ा है और देश में 44 यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल हमारी समृद्ध विरासत के प्रतीक हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में देश की धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इस अवधि में लगभग 12 लाख पुरावशेषों का डिजिटल संरक्षण किया गया है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखा जा सके। इसके साथ ही धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रसाद योजना के अंतर्गत लगभग 1700 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
श्री सरावगी ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से 11 जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय स्थापित किए गए हैं। वहीं विदेशों में पहुंच चुकी भारत की अमूल्य धरोहरों को वापस लाने के प्रयासों के तहत 668 पुरावशेष एवं मूर्तियां भारत को वापस प्राप्त हुई हैं, जो राष्ट्रीय गौरव का विषय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित